सोनीपत: योग दिवस पर गन्नौर, राई और मुरथल में सामूहिक योगाभ्यास
सोनीपत, 21 जून (हि.स.)। आयुष
विभाग हरियाणा और हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में नई अनाज मंडी, गन्नौर
में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गन्नौर विधायक देवेन्द्र
कादियान ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरा
विश्व योग दिवस मना रहा है। उनके प्रयासों के कारण योग को वैश्विक स्तर पर व्यापक पहचान
और स्वीकार्यता मिली है। उन्होंने कहा कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को घर-घर
तक पहुंचाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है और अब दुनिया योग के महत्व को स्वीकार
कर रही है।
उधर,
राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ
मनाया गया। इस वर्ष की थीम योगः कर्मसु कौशलम् तथाएक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य रही। कार्यक्रम
में पांच सौ से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का
संकल्प लिया।
इस अवसर
पर मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की प्राचार्या दिनेश कुमारी, डीन अकादमिक प्रो. योगेश
चंद्र, डीन स्पोर्ट्स साइंस डॉ. विवेक कुमार, सीनियर कंसल्टेंट स्पोर्ट्स प्रो. आर.पी.
गर्ग, विद्यालय प्रशासनिक अधिकारी कर्नल मोहित कपूर, सहायक निदेशक खेल डॉ. चेतन शर्मा
सहित विश्वविद्यालय और विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम
के दौरान परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देखने को मिला।
मुरथल
में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ब्लॉक
स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने मुख्य
अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया
और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण
कर युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

