यमुनानगर: सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
यमुनानगर, 24 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रादौर के नागल धोली निवासी 30 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। वह तीन बेटियों का पिता था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, अमन गुरुवार की रात को खेत से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कलेसरा रोड पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल घायल को रादौर के अस्पताल लेकर गए, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे यमुनानगर के सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, अमन अपने पिता के निधन के बाद खेती-बाड़ी का कार्य संभाल रहा था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

