home page

यमुनानगर: कार व ऑटो की टक्कर में एक ही परिवार के 10 लोग घायल

 | 

यमुनानगर, 29 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के करेड़ा खुर्द गांव के समीप बुधवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के दस लोग घायल हो गए, जिनमें सात महिलाएं शामिल हैं। हादसे में तीन महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो में सवार होकर अंबाला क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सुबह जब वे गांव के चौक के निकट पहुंचे और एक अन्य सवारी को लेने के लिए वाहन को किनारे लगा रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से ऑटो पलट गया और उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए।

घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें हाथ, पैर और कंधे पर गहरे घाव शामिल हैं। सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार