हांसी में आठ एकड़ में काटी जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा
कच्ची सड़कों का नेटवर्क ध्वस्त, प्रशासन बोला-
बिना मंजूरी कॉलोनी बर्दाश्त नहीं
हांसी, 05 जून (हि.स.)। जिला योजनाकार विभाग की
ओर से अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को विभाग के अधिकारियों
ने कुंदनपुर रोड पर काटी जा रही अवैध कालोनी में कार्रवाई की। कृष्णा एन्क्लेव के नजदीक
करीब आठ एकड़ में विकसित की जा रही दो अनधिकृत कॉलोनियों में बनाई गई कच्ची सड़क व
अन्य अवैध निर्माण को जेसीबी के द्वारा ध्वस्त कर दिए गए।
अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए बीडीपीओ हांसी-1
अशोक कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। अभियान में डीटीपी दिनेश सिंह,
एफआई सपना, प्रवर्तन स्टाफ और स्थानीय पुलिस बल शामिल था। भारी पुलिस बल की तैनाती
के चलते कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जिला योजनाकार विभाग के अधिकारियों के अनुसार
कॉलोनाइजरों द्वारा बिना सरकारी स्वीकृति के प्लॉटिंग कर सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचा
तैयार किया जा रहा था। सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की
गई। जेसीबी से कच्चे रास्ते, सड़क नेटवर्क और अन्य निर्माण पूरी तरह तोड़ दिए गए। जिला योजनाकार विभाग अधिकारी डीटीपी दिनेश सिंह
ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति विकसित की जा रही किसी भी कॉलोनी को बर्दाश्त नहीं किया
जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने
आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी कॉलोनी या प्लॉट में निवेश करने से पहले
उसकी वैधता और विभागीय मंजूरी की जांच जरूर कर लें, ताकि नुकसान से बचा जा सके। अवैध
कॉलोनी विकसित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

