home page

यमुनानगर में लागू होगा नया सेक्टर प्लान

 | 

- सरकार ने मांगी आपत्तियां, 30 दिन का मौका

- सेक्टर-12 और 12-ए के डेवलपमेंट प्लान को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर-जगाधरी के शहरी विकास को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने सेक्टर-12 और 12-ए के सेक्टोरल प्लान को सैद्धांतिक मंजूरी देते हुए आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं। इस प्लान के तहत सेक्टर-12 को रिहायशी, कमर्शियल और पब्लिक यूटिलिटी जोन के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि सेक्टर-12ए पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र रहेगा। यह पूरा विकास खाका फाइनल डेवलपमेंट प्लान-2041 के तहत तैयार किया गया है।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की आपत्ति या सुझाव देने के लिए नागरिकों के पास सिर्फ 30 दिन का समय है। तय अवधि के बाद आने वाली आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। लोग अपनी आपत्तियां लिखित रूप में एसटीपी कार्यालय, पंचकूला में जमा कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारी इन आपत्तियों की समीक्षा कर अंतिम निर्णय के लिए रिपोर्ट तैयार करेंगे।

विभाग ने पारदर्शिता बढ़ाते हुए सेक्टोरल प्लान को अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड किया है। आम नागरिक पहले से मौजूद ड्राफ्ट और नए प्रस्तावित प्लान दोनों की तुलना कर सकते हैं और अपनी राय दे सकते हैं। सेक्टर-12 और 12-ए को चौड़ी सडक़ों, ग्रीन बेल्ट और अलग-अलग ज़ोन में बांटकर प्लान किया गया है। इसमें 45 मीटर और 60 मीटर चौड़ी सड़कों के साथ कमर्शियल बेल्ट और पब्लिक यूटिलिटी के लिए भी जगह तय की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा