home page

यमुनानगर:मां को बचाने के लिए तालाब में कूदे युवक की डूबने से मौत

 | 
यमुनानगर:मां को बचाने के लिए तालाब में कूदे युवक की डूबने से मौत


यमुनानगर, 19 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले के मुरादपुर गांव में रविवार देर शाम मां को डूबने से बचाने के दौरान 28 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक की मां तालाब में पूजा सामग्री प्रवाहित करते समय पानी में गिर गई थी। उसे बचाने के लिए युवक ने तालाब में छलांग लगा दी और मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद गहरे गड्ढे में फंस गया।

ग्रामीण अनिल कुमार के अनुसार, शुभम रविवार देर शाम अपनी मां सुनीता के साथ गांव के तालाब में नवरात्र के पूजन की सामग्री प्रवाहित करने गया था। इसी दौरान सुनीता का संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गई। मां को डूबता देख शुभम तुरंत पानी में कूद गया और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल दिया। हालांकि, इस दौरान वह तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम और गोताखोरों को भी बुलाया गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद शुभम का शव तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल जगाधरी के नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम एक फैक्टरी में काम करता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था। करीब दो वर्ष पहले उसके पिता की भी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तालाब के किनारे उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस तरह के हादसे को रोका जा सकता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार