home page

यमुनानगर: दवा लेने जा रही 75 वर्षीय महिला को तेज वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर चालक फरार

 | 
यमुनानगर: दवा लेने जा रही 75 वर्षीय महिला को तेज वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर चालक फरार


यमुनानगर, 07 जून (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में दवा लेने जा रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुंदरी देवी को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

पुलिस के अनुसार, गांव भगवानगढ़ निवासी सुंदरी देवी दवा लेने के लिए बुड़िया चुंगी क्षेत्र की ओर गई थीं। जब वह बुड़िया रोड पर दयाल सिंह पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तत्काल सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतका के पुत्र सोमनाथ ने बताया कि उनकी माता नियमित दवा लेने के लिए घर से निकली थीं। हादसा अचानक हुआ और वाहन चालक इतनी तेजी से मौके से भागा कि उसका नंबर भी नोट नहीं किया जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी बुड़िया गेट की टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। शिकायत के आधार पर थाना शहर जगाधरी में वाहन चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार