home page

यमुनानगर–वृंदावन सीधी बस सेवा शुरू, श्रद्धालुओं को मिली बड़ी सौगात

 | 
यमुनानगर–वृंदावन सीधी बस सेवा शुरू, श्रद्धालुओं को मिली बड़ी सौगात


यमुनानगर, 21 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा राज्य परिवहन ने यमुनानगर जिले के यात्रियों, विशेषकर धार्मिक श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए यमुनानगर से वृंदावन और मथुरा के लिए सीधी बस सेवा प्रारंभ कर दी है। यह बस दिल्ली, पलवल और कोसीकलां होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। बस सेवा का विधिवत शुभारंभ बुधवार को यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर उपायुक्त प्रीति, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, महाप्रबंधक रोडवेज संजय रावल तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मनोज कुमार उपस्थित रहे। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि यह बस सेवा यमुनानगर क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक सीधी, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों तक किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह पहल धार्मिक पर्यटन को मजबूती देगी। जानकारी के अनुसार बस यमुनानगर से प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे रवाना होकर सायं 4 बजे मथुरा-वृंदावन पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस मथुरा-वृंदावन से सुबह 9:30 बजे चलकर लगभग सायं 6 बजे यमुनानगर पहुंचेगी। एक तरफ का किराया 396 रुपये निर्धारित किया गया है। भविष्य में यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। विधायक ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा राज्य परिवहन के यमुनानगर डिपो में कुल 159 बसें संचालित हैं, जो अंतरराज्यीय, राज्यीय और ग्रामीण मार्गों पर सेवाएं दे रही हैं। बेड़े में एसी, इलेक्ट्रिक, पिंक और साधारण बसें शामिल हैं।

शहर में फिलहाल 5 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं और आने वाले समय में 50 नई बसें और जोड़ी जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य परिवहन द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए 36 श्रेणियों में बस पास सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिनमें विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, हैप्पी कार्ड धारकों तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित यात्रियों को विशेष राहत दी जा रही है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, मार्केट कमेटी यमुनानगर के चेयरमैन राकेश त्यागी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार