home page

यमुनानगर में नाले में मिला युवक का शव

 | 

यमुनानगर, 14 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर शहर में महाराणा प्रताप चौक के पास बुधवार को नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची।

पूछताछ में पता चला कि सुबह एक व्यक्ति ने शव को नाले में पड़ा देखा था। शव बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृतक की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। उसके पैरों में चप्पलें थीं और उसने सफेद रंग की निकर पहनी हुई थी। व्यक्ति नाले में किन परिस्थितियों में पहुंचा, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया है। शव को यमुनानगर के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने और मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। मौत के कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार