home page

यमुनानगर: ग्रिल में 10 दिन से फंसे अजगर का किया रेस्क्यू

 | 
यमुनानगर: ग्रिल में 10 दिन से फंसे अजगर का किया रेस्क्यू


यमुनानगर, 13 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले के व्यासपुर क्षेत्र के रसूलपुर गांव में खेतों में बने एक बंद कमरे के रोशनदान में करीब 11 फीट लंबा और 45 किलोग्राम वजनी अजगर लगभग 10 दिन तक फंसा रहा। बाहर निकलने के प्रयास में अजगर के पेट में लोहे की ग्रिल धंस गई थी। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम ने पांच घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद ग्रिल काटकर अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, खेत मालिक गुरदीप ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में तैनात है और ड्यूटी के कारण खेतों में कम आना-जाना होता है। कई दिन बाद जब वह खेतों में बने कमरे को देखने पहुंचा तो दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान में एक विशाल अजगर फंसा दिखाई दिया। अजगर लोहे की ग्रिल में बुरी तरह उलझा हुआ था और खुद को बाहर निकालने में असमर्थ था।

इसके बाद उसने वन्यजीव विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के लिए पहुंचे कर्मचारी मोहित ने बताया कि अजगर रोशनदान में लगी लोहे की ग्रिल में फंसा हुआ था। ग्रिल के दो हिस्से उसके पेट में करीब तीन-तीन इंच तक धंसे हुए थे। लंबे समय तक फंसे रहने के कारण अजगर की हालत कमजोर हो गई थी। ऐसे में उसे बाहर निकालने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।

रेस्क्यू टीम ने पहले स्थिति का निरीक्षण किया और फिर ब्लेड तथा अन्य औजारों की मदद से लोहे की ग्रिल को सावधानीपूर्वक काटना शुरू किया। अजगर के शरीर में ग्रिल धंसी होने के कारण उसे निकालने की प्रक्रिया आसान नहीं थी। अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद उसका उपचार किया गया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने के उद्देश्य से कलेसर के जंगल में छोड़े जाने की जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार