home page

एसवीएसयू पलवल में हुआ विश्व स्तरीय लैंग्वेज लैब का उद्घाटन

 | 
एसवीएसयू पलवल में हुआ विश्व स्तरीय लैंग्वेज लैब का उद्घाटन


पलवल, 09 अप्रैल (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में गुरुवार को विश्व स्तरीय लैंग्वेज लैब का उद्घाटन किया गया। करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक लैब का उद्घाटन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं अंग्रेजी के प्रख्यात विद्वान प्रोफेसर भीम सिंह दहिया ने किया। इस लैब की स्थापना एचडीएफसी बैंक के सहयोग से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत सच फाउंडेशन द्वारा की गई है, जिसके तहत आधुनिक तकनीक से लैस कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं।

उद्घाटन अवसर पर प्रोफेसर भीम सिंह दहिया ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार है, जिससे वे अपनी कम्युनिकेशन स्किल को बेहतर बना सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा का नियमित अभ्यास करने और उसे दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार वे एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अमेरिका में अंग्रेजी विषय पर शोध करने पहुंचे और वहां शिक्षण कार्य भी किया।

कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि प्रोफेसर दहिया का शिक्षा जगत में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह लैंग्वेज लैब विद्यार्थियों के भाषाई कौशल को निखारने में मील का पत्थर साबित होगी और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी। अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी संकाय की डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ ने बताया कि लैब में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने एचडीएफसी बैंक के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए शाखा प्रबंधक गोपाल मिश्रा को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जर्मन और जापानी गीत व कविताओं के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया तथा संबंधित संस्कृतियों पर आधारित प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भावना रूपराई ने किया, जबकि अंत में डॉ. नकुल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग