home page

हिसार : एकजुट होकर संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करें कार्यकर्ता : बृजलाल बहबलपुरिया

 | 
हिसार : एकजुट होकर संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए काम करें कार्यकर्ता : बृजलाल बहबलपुरिया


इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने दी पुष्पांजलि, संविधान रक्षा मार्च

की तैयारियों पर मंथन

हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में पूर्व

प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई। जिला अध्यक्ष

बृज लाल बहबलपुरिया के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके

चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान इंदिरा गांधी के राष्ट्र निर्माण

में योगदान, साहसिक नेतृत्व और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए किए गए कार्यों

को याद किया गया।

बृज लाल बहबलपुरिया ने गुरुवार काे कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति

और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके विचार और

सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के

लिए इंदिरा गांधी का बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। इसके बाद आगामी 26 नवंबर को संविधान

दिवस पर पंचकूला में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च, प्रदेशभर में चलाए जा रहे

वोट रक्षक अभियान और वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल अभियान की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक

बैठक हुई। बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश

कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित की गई।

बैठक में संविधान रक्षा मार्च में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित

करने, संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने और वोट रक्षक अभियान को जिला एवं प्रदेश स्तर

पर प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। बृज लाल बहबलपुरिया ने कहा कि संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा

है। कांग्रेस ने हमेशा संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिकों के अधिकारों की

रक्षा के लिए संघर्ष किया है। आज जरूरत है कि प्रत्येक कार्यकर्ता जिम्मेदारी और एकजुटता

के साथ इन अभियानों को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को पंचकूला में

होने वाला संविधान रक्षा मार्च लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा

के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। हिसार जिले से अधिकाधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता

इसमें भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर