सिरसा: जनगणना-2027 शुरू, नागरिक घर बैठे स्वयं दर्ज करें डाटा
सिरसा, 16 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि आज 16 अप्रैल से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी। पूर्ण विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जब घर पर प्रगणक आए तब उन्हें यह आईडी बताने पर आपका डाटा स्वयं ही दिखाई देगा। स्व-गणना प्रक्रिया न केवल सरल माध्यम है बल्कि नागरिक द्वारा डाटा स्वयं भरे जाने पर पारदर्शिता के साथ-साथ नागरिक सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। एडीसी अर्पित संगल गुरुवार को सिरसा में प्रैसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हाउस लिस्टिंग का कार्य एक मई से 30 मई तक चलेगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन की पूरी तैयारी है। इस कार्य के लिए 11 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि जिले को 2121 गणना खंडों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 2545 प्रगणक और 389 पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय रूप से भाग लें और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि देश के विकास की भविष्य की योजनाएं बेहतर तरीके से बनाई जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

