home page

हिसार के नैतिक ने एशियाई गोल्ड मेडलिस्ट को हराकर जीता स्वर्ण पदक

 | 
हिसार के नैतिक ने एशियाई गोल्ड मेडलिस्ट को हराकर जीता स्वर्ण पदक


सीबीएसई जोन-2 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन

गांव लौटने पर बाइक रैली निकालकर हुआ भव्य स्वागत

हिसार, 09 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में आयोजित सीबीएसई जोन-2 बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026

में हांसी क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी नैतिक सैनीवाल ने शानदार प्रदर्शन करते

हुए अंडर-17 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया। नैतिक

ने प्रतियोगिता के दौरान एशियाई स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी को हराकर अपनी प्रतिभा

का दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

नैतिक की इस उपलब्धि से गांव कुतुबपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल

है।

बुधवार काे गांव लौटने पर युवाओं और ग्रामीणों ने खरड़ अलीपुर से कुतुबपुर तक डीजे और ढोल-नगाड़ों

के साथ बाइक रैली निकालकर नैतिक का जोरदार स्वागत किया। गांव पहुंचने पर सरपंच अजय

पवार और पूर्व सरपंच शेर सिंह मुंजर ने नैतिक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर युवा सामाजिक कार्यकर्ता राहुल शर्मा ने नैतिक को बधाई देते हुए

कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और

प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे से

दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा खेल और सकारात्मक गतिविधियों

में लगाकर अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। खेल युवाओं को सकारात्मक

दिशा देने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम

हैं।

स्वर्ण पदक विजेता नैतिक सैनीवाल ने कहा कि उसका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर

की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन करना है। उन्होंने युवाओं

का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा नशे के लिए नहीं, बल्कि खेलों में मेडल जीतने के

लिए जाना जाए। उन्होंने युवाओं से मेहनत और अनुशासन के साथ खेलों में आगे बढ़ने की

अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर