हिसार : हरियाणा पॉवर स्पोर्ट्स ग्रुप बैडमिंटन नर्सरी के खिलाड़ियों ने ब्राजील में जीते गोल्ड और सिल्वर
हिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम बैडमिंटन अकादमी,
हिसार के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने एक बार
फिर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। हरियाणा पॉवर स्पोर्ट्स ग्रुप बैडमिंटन नर्सरी
के विजेंद्र और योगेश ने ब्राजील में आयोजित इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन टूर्नामेंट
2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते।
हाल ही में ब्राजील में हुए इस टूर्नामेंट में विजेंद्र ने सिंगल्स वर्ग में
गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं विजेंद्र और योगेश की जोड़ी ने डबल्स में सिल्वर मेडल
जीतकर भारत का तिरंगा ऊंचा किया। दोनों खिलाड़ी अब चार से नौ अगस्त तक पेरू इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन टूर्नामेंट
में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेंद्र और योगेश पहले भी नेशनल और इंटरनेशनल
स्तर पर मेडल जीतकर डीएचबीवीएन और हरियाणा का नाम रोशन कर चुके हैं। ये दोनों खिलाड़ी
डीएचबीवीएन बैडमिंटन अकादमी में कोच सुरेंद्र कुमार और कोच वीरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन
में हिसार में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इस अवसर पर डीएचबीवीएन के चीफ इंजीनियर राजकुमार जाजोरिया, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन
के प्रधान डॉ. कमल शर्मा ने अकादमी कोच व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुरेंद्र
कुमार व वीरेंद्र कुमार सहित खिलाड़ियों को पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी
लगन और समर्पण से ही यह बैडमिंटन अकादमी आज देश में एक अलग पहचान बना रही है। बैडमिंटन
अकादमी को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी पेरू में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश
और प्रदेश का नाम और ऊंचा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

