सिरसा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण को देगा और मजबूती: सुनीता दुग्गल
सिरसा, 16 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा में गुरुवार को नारी शक्ति वंदन पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सिरसा लोकसभा क्षेत्र की महिलाओं ने हिस्सा लिया । पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने पदयात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि यह नारी शक्ति वंदन पदयात्रा सिर्फ एक पदयात्रा नहीं है बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जहां भी महिला शक्ति ने नेतृत्व किया है, वहां पर अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के पारित होने से महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, तो महिलाएं मजबूती से अपनी जिम्मेदारियों को निभाएंगी और अपने क्षेत्र को विकास की नई राह दिखाएंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 जैसा ऐतिहासिक निर्णय लेने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया जिनके नेतृत्व में महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर कई ऐसी महान महिलाएं हुई हैं जिन्होंने समाज में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष किया और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाई। गोरखधाम और कोटा एक्सप्रेस से रेलवे कनेक्टिविटी बढी है जिस कारण आज सिरसा लोकसभा क्षेत्र की बेटियों के लिए सफर आसान हुआ है। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक डा. दर्शना सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डा. गुरप्रीत कौर, संरक्षण अधिकारी डा. अंजना डूडी, पार्षद सुमन शर्मा, बिमला सिंवर सहित भारी संख्या में महिला शक्ति मौजूद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

