home page

पानीपत: महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए बालीवुड रैपर बादशाह

 | 
पानीपत: महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए बालीवुड रैपर बादशाह


पानीपत, 13 मार्च (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग के समन पर शुक्रवार को बॉलीवुड रैपर बादशाह पेश नहीं हुए। उनकी तरफ से पेश हुए वकीलों ने दलील दी कि किसी पूर्व निर्धारित कार्य के चलते बादशाह नहीं आ सके। वकीलों ने आयोग से अगली बार पेश होने का समय मांगा। इस पर महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया मीटिंग में ही भड़क गई। उन्होंने सख्त लहजे में आदेश दिया कि बादशाह अगर तीन बजे तक पेश नहीं हुए तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा।

टटीरी गाने में महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था, साथ ही स्कूली लड़कियों का भी फिल्मांकन किया गया था जिसको लेकर महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने उन्हें छह मार्च को नोटिस भेजकर शुक्रवार को पानीपत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा था।

बादशाह के वकील ने उनकी सुरक्षा का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना पक्ष रखने की अनुमति मांगी। बादशाह की तरफ से तीन वकीलों का पैनल राज्य महिला आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखने पहुंचा। एडवोकेट अक्षय दहिया ने कहा कि हमें और आप सबको पता है कि जो बादशाह से गलती हुई है या नहीं हुई, जिस पर विवाद छिड़ा हुआ है, हम इस मामले में आज यहां पेश हुए हैं। व्यावसायिक प्रतिबद्धता के चलते बादशाह यहां नहीं आ पाए। हमने आज चेयरपर्सन से टाइम लेने की कोशिश की है, लेकिन हमें दोपहर तीन बजे तक का समय दिया गया। बादशाह की ओर से पेश वकीलों ने कहा कि जो गलती बादशाह द्वारा हुई है उसके लिए वह पहले ही माफी मांगने का वीडियो अपलोड कर चुके हैं। वे हरियाणा का नाम ऊपर कर रहे हैं, लेकिन गलतियां हम सब से हो जाती हैं। बादशाह अपराधी नहीं है। आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सिंगर के वकीलों को कहा कि समन बादशाह के खुद हाजिर होने का जारी किया गया है। बादशाह को खुद अपनी सफाई रखनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा