home page

यमुनानगर : महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने शुरु की ट्रिपल मॉनिटरिंग सेवा

 | 
यमुनानगर : महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने शुरु की ट्रिपल मॉनिटरिंग सेवा


यमुनानगर, 24 मार्च (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा को प्रभावी रूप से लागू किया है। इस पहल के तहत अब महिलाएं अपनी यात्रा के दौरान डायल-112 से जुड़कर अतिरिक्त सुरक्षा प्राप्त कर सकेंगी।

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार काे बताया कि इस सुविधा का उपयोग करने के लिए महिला यात्रियों को डायल-112 पर संपर्क करना होगा, जिसके बाद उन्हें एक वेब लिंक भेजा जाएगा। इस लिंक के माध्यम से यात्रा संबंधी विवरण और आपातकालीन संपर्क नंबर दर्ज किए जाएंगे। पंजीकरण के बाद पूरी यात्रा के दौरान नियंत्रण कक्ष द्वारा नियमित अंतराल पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा। साथ ही दर्ज किए गए आपातकालीन नंबरों पर भी सूचना दी जाएगी, ताकि त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने कहा कि आमतौर पर महिलाएं यात्रा के दौरान अपने परिचितों को जानकारी देती हैं, लेकिन अब यह जिम्मेदारी पुलिस भी निभाएगी, जिससे यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सकेगी। महिलाओं से इस सेवा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई है। इसके साथ ही जिले में महिला सुरक्षा को लेकर अन्य कदम भी उठाए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक परिवहन में निगरानी बढ़ाई गई है। महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सेफ सिटी टीम द्वारा एक शिक्षण संस्थान में छात्राओं को ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से ही महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार