home page

विधानसभा में महिला विषयक समिति के गठन को मंजूरी, नौ सदस्यों में पांच महिलाएं

 | 

चंडीगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला विषयक समिति के गठन को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की है। यह निर्णय सोमवार को आयोजित विशेष सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में लिया गया।

इस संबंध में प्रदेश सरकार के संसदीय कार्यमंत्री महिपाल ढांडा द्वारा प्रस्तुत सरकारी संकल्प को सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया। यह समिति हरियाणा विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियमों के नियम 279-एफ के अंतर्गत गठित की जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इस समिति में अधिकतम नौ सदस्य होंगे, जिनमें से पांच सदस्य महिलाएं होंगी। विशेष रूप से समिति की चेयरपर्सन भी महिला सदस्य ही होंगी, जिससे महिला नेतृत्व को अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। यह समिति हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों का परीक्षण करेगी तथा महिलाओं की समानता, प्रतिष्ठा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की गहन समीक्षा करेगी।

इसके अतिरिक्त समिति शिक्षा, स्थानीय निकायों, सरकारी सेवाओं एवं अन्य क्षेत्रों में महिलाओं के पर्याप्त प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों का भी मूल्यांकन करेगी। समिति महिलाओं की स्थिति और परिस्थितियों में सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए उपायों पर अपने सुझावों सहित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। साथ ही महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली और उन पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करेगी।

समिति को यह अधिकार भी होगा कि वह ऐसे अन्य विषयों पर विचार करे, जिन्हें वह स्वयं उपयुक्त समझे या जिन्हें सदन अथवा अध्यक्ष द्वारा विशेष रूप से संदर्भित किया जाए। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि समिति दिन-प्रतिदिन के प्रशासनिक कार्यों की जांच या अन्वेषण नहीं करेगी।

इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि समितियां जनहित के कार्यों को सिद्ध करने का एक सशक्त और प्रभावशाली माध्यम हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस कमेटी के गठन को नारी सशक्तीकरण के लिए मील का पत्थर बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा