यमुनानगर:अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के सम्मान में विशेष कार्यक्रम
यमुनानगर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनआईआरसी ऑफ आईसीएआई की यमुनानगर ब्रांच की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंसी क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और पेशे में उनकी बढ़ती भूमिका को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए पेशे में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रांच चेयरमैन सीए रजत अलग ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे अपनी मेहनत, कौशल तथा नेतृत्व क्षमता के बल पर नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं न केवल प्रोफेशन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं, बल्कि समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पेशे की प्रगति में विविधता और समान अवसर बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को नई ऊर्जा और दृष्टिकोण मिलता है, जो संस्थागत विकास के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने सभी महिला सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी। कार्यक्रम के दौरान महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने पेशे में अपने अनुभव साझा किए और कहा कि आज के दौर में महिलाएं पेशेवर चुनौतियों का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर सीए राधा गुप्ता, सीए पलक राजदेव, सीए ज्योति गोयल, सीए हिताक्षी अरोड़ा, सीए राशि गुप्ता, सीए भूमिका, सीए वंशिका गुप्ता, सीए आस्था सिंघल, सीए प्रिया, सीए बिंदिया, सीए पायल और सीए यशिका सहित कई महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में ब्रांच के अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया और सभी ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को उत्साह और सम्मान के साथ मनाया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

