सिरसा: सडक़ हादसे में महिला की मौत, चार घायल
सिरसा, 08 मई (हि.स.)। जिले के उपमंडल डबवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर व कार की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए डबवाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राजपाल कौर को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा शुक्रवार को गांव डबवाली के निकट हुआ। सामने से आ रहे टै्रक्टर ट्रॉली और कार की सीधी टक्कर हो गई। कार सवार राजपाल कौर, परमजीत कौर, जयवीर सिंह, राजपाल कौर घड़साना तथा जसपाल कौर कार में सवार थे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंस सभी लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद टै्रक्टर ट्राली चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां राजपाल कौर को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बठिंडा एम्स रेफर कर दिया गया है, जबकि दो घायलों का डबवाली के नागरिक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने टै्रक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

