home page

यमुनानगर:पश्चिमी यमुना नहर से महिला का शव बरामद, शिनाख्त नहीं

 | 
यमुनानगर:पश्चिमी यमुना नहर से महिला का शव बरामद, शिनाख्त नहीं


यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के हमीदा हेड के समीप पश्चिमी यमुना नहर से मंगलवार को एक महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर को एक राहगीर ने नहर में शव तैरता हुआ देखा और तत्काल सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर राजीव और उनकी टीम की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई है। पुलिस को शव पर ऐसा कोई पहचान चिन्ह नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।

हालांकि महिला के दोनों हाथों में सोने की अंगूठियां और कानों में बालियां पाई गई हैं। गोताखोर टीम के अनुसार, प्रथम दृष्टया शव करीब तीन से चार घंटे पहले पानी में डूबा प्रतीत होता है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

साथ ही आसपास के थानों के माध्यम से महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यह घटना हादसा है, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार