झज्जर : सामान्य नहीं थे अंजलि व संजय के संबंध, 9 गोलियां मारकर की हत्या
अंजलि की हत्या के रहस्य से उठा पर्दा
झज्जर, 03 मार्च (हि.स.)। जिला के गांव बिरधाना में यहां के निवासी संजय द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए हुई कार्रवाई के दौरान हत्या से जुड़े कुछ राज उजागर हुए। पहला तो यह कि अंजलि को उसके पति संजय ने आठ नहीं, नौ गोलियां मारी थी। मृतका के शरीर से पोस्टमार्टम के दौरान नौ गोलियां मिली हैं।
मामले के जांच अधिकारी जापान सिंह के अनुसार आरोपी ने पहले अपनी पत्नी अंजलि को घर से बाहर बुलाया और उसके बाद उस पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। कुछ का कहना है कि आरोपी ने इस दौरान एक नहीं बल्कि तीन हथियार इस्तेमाल किए थे। पुलिस को मौके से आधा दर्जन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। सब इंस्पेक्टर जापान सिंह ने बताया, शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी के करीब दो महीने बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। पति-पत्नी के संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने दोनों परिवारों से पूछताछ की है। हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं किया गया है। मामले में पति के अलावा एक और व्यक्ति के शामिल होने का शक भी जताया जा रहा है। मृतका के बड़े भाई हरेंद्र ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही संजय व उसकी बहन के साथ झगड़ा और मारपीट होती रहती थी। उसने परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। अंजलि चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। दो भाई और दो बहनों में वह दूसरे स्थान पर थी। शादी से पहले ही उसके पिता का निधन हो चुका था। संजय के साथ उसका विवाह 14 दिसंबर 2018 को हुआ था । दंपती का एक पांच साल का बेटा वंश है। अंजलि ने पास के गांव छुछकवास स्थित ब्राइट मिशन सीनियर सेकंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

