home page

हिसार में युवक की मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप, हिरासत में लिया

 | 
हिसार में युवक की मौत, पत्नी पर हत्या का आरोप, हिरासत में लिया


गले पर नाखूनों और सिर-कंधे पर चोट के निशान मिलने

का दावा

रात तीन बजे हुआ था पति-पत्नी में झगड़ा, सुबह

5 बजे मिली मौत की सूचना

हिसार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। नजदीकी गांव सातरोड

में किराये के मकान में रहने वाले 42 वर्षीय महेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हो गई। महेश के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी सीमा पर हत्या

करने का आरोप लगाया है। घटनाक्रम में रात करीब तीन बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने

की बात भी सामने आई है। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी

है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही

हो सकेगा।

मृतक की मां कमलेश का कहना है कि उन्हें सुबह

करीब आठ बजे बेटे की मौत की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचीं तो महेश के गले पर नाखूनों

के निशान तथा सिर और कंधे पर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद परिवार ने महेश की पत्नी

पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कमलेश ने बताया कि

महेश की शादी वर्ष 2014 में मुगलपुरा गांव निवासी सीमा के साथ हुई थी। दोनों के दो

बच्चे हैं। उनका आरोप है कि सीमा अक्सर महेश के साथ झगड़ा करती थी। इसी वजह से दोनों

अलग रहने लगे थे और गांव सातरोड में किराये के मकान में रह रहे थे। महेश हिसार के एक

निजी अस्पताल में काम करता था।

पड़ोसी दीपक ने बताया कि रात करीब तीन बजे उसे

महेश और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा होने की आवाज सुनाई दी थी। उसने दोनों को शांत रहने

के लिए भी कहा था। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे उसे महेश की मौत की सूचना मिली। मौके

पर पहुंचने पर उसने महेश की गर्दन पर नाखूनों के निशान देखे। पुलिस ने महेश की पत्नी

सीमा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की

जांच कर रही है। फिलहाल महेश की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट

और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर