home page

हांसी : कांस्टेबल अमरजीत की मौत मामले में मुख्य आरोपित से हथियार बरामद

 | 

वारदात में इस्तेमाल डोगा बंदूक, पांच कारतूस

व कार की बरामद

मंगलवार को कोर्ट में पेश होगा एएसआई सुरेंद्र

हांसी, 5 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव सिंघवा

खास में जलवा पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल

अमरजीत की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हरियाणा पुलिस के एएसआई सुरेंद्र

से वारदात में इस्तेमाल हथियार और कार बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपित को तीन दिन

के रिमांड पर लिया हुआ था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर गांव में एक बंद पड़े

मकान से डोगा बंदूक और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल

कार भी बरामद कर ली गई। आरोपित को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

गांव सिंघवा खास में 23 सितंबर को अंकित के घर

बेटे के जन्म पर जलवा पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जींद जिले

के सफीदों क्षेत्र के गांव रोजला निवासी रिंकू अपने पति दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल

अमरजीत के साथ शामिल होने आई थी। कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस करते समय अचानक गोली

चल गई, जो अमरजीत के पैर में लगी। परिजन उसे उपचार के लिए भिवानी के निजी अस्पताल ले

गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया गया। हिसार के निजी अस्पताल में

उपचार के दौरान 25 सितंबर की सुबह अमरजीत की मौत हो गई।

मामले में पुलिस ने सिंघवा खास निवासी हरियाणा

पुलिस में तैनात एएसआई सुरेंद्र और उसके दोस्त भिवानी निवासी मनोज के खिलाफ हत्या का

मामला दर्ज किया था। पुलिस मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपित

सुरेंद्र को गिरफ्तार करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।

रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल

हथियार और कार बरामद करने के लिए पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गोली चलने

के बाद उसने डोगा बंदूक गांव में ही एक बंद पड़े मकान में छिपा दी थी और कार भी वहीं

खड़ी कर भिवानी चला गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर डोगा बंदूक, पांच कारतूस और

कार बरामद कर ली। इसके साथ ही पुलिस ने गांव में कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली

है, ताकि मामले से जुड़े अन्य अहम सुराग जुटाए जा सकें।

हथियार और कार बरामद : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित

सुरेंद्र से रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और कार बरामद की

गई है। आरोपित को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर