home page

पानीपत: युवक को अवैध हथियार रखना पड़ा महंगा, भेजा जेल

 | 
पानीपत: युवक को अवैध हथियार रखना पड़ा महंगा, भेजा जेल


पानीपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने विकास नगर में एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान यूपी के कैराना निवासी अरमान सैफी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस उसने चार महीने पहले कैराना यूपी निवासी एक युवक से 11 हजार हजार रूपए में खरीदा था। बाद में वह दोस्तों में रौब दिखाने के लिए अवैध पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा।

पुलिस ने बताया कि उनकी एक टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान विकास नगर गली नंबर चार में थी। टीम को तभी सूचना मिली की विकास नगर गली नंबर 27 में संदिग्ध किस्म का एक युवक खड़ा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान कैराना निवासी अरमान सैफी के रूप में बताई।

तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुइ जींस पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। देसी पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। पुलिस ने आरोपी अरमान सैफी के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा