home page

महिला आयोग के द्वार पर आने वाली प्रत्येक महिला को मिलेगा इंसाफ

 | 
महिला आयोग के द्वार पर आने वाली प्रत्येक महिला को मिलेगा इंसाफ


उषा प्रियदर्शी ने आयोग अध्यक्ष के रूप में संभाला कार्यभार

आयाेग की उपाध्यक्ष व सदस्याें ने भी ग्रहण किया पदभार

चंडीगढ़, 15 जून (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा है कि आयोग के द्वार पर आने वाली प्रत्येक महिला को इंसाफ मिलेगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उषा प्रियदर्शी ने सोमवार को हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी की उपस्थिति में पंचकूला स्थित मुख्यालय में पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया।आज ही आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार तथा सदस्य के रूप में भारती सैनी, सुनीता लोहचाब, सुमन शहजादवाला, डॉ. अनुकंपा गर्ग और सुनीता चौहान ने भी अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया।हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर के साथ विवाद के बाद पूर्व अध्यक्ष रेणु भाटिया को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ गया था। जिसके बाद सरकार ने भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष एवं गुरुग्राम निवासी ऊषा प्रियदर्शी को अध्यक्ष तथा भिवानी की मीना परमार को उपाध्यक्ष बनाया है।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा, जो महिला यहां पर समस्या लेकर आए, वो मुस्कुराते हुए बाहर निकले। वहीं रेणु भाटिया विवाद पर उन्होंंने कहा कि सोशल मीडिया पर मामला देखा है। मुझे पहले नहीं पता था कि यह कुर्सी मुझे मिलने वाली है। अभी केस को स्टडी करेंगे, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई निश्चित तौर पर होगी। इस संबंध में रिपोर्ट मांगी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का वर्कप्लेस पर शोषण होता है, वे डर व शर्म के चलते शिकायत नहीं कर पाती। आयोग में माहौल को ऐसा बनाया जाएगा कि हर महिला अपनी शिकायत स्वाभिमान के साथ यहां पर आकर दर्ज करवा सके। उन्होंने कहा कि आयोग समय-समय पर प्रशिक्षण केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों, अन्य शैक्षणिक संस्थानों, कार्यस्थलों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण से संबंधित विभिन्न प्रावधानों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएगा।

हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष ने कुर्सी पर बैठने से पहले पंडित से मंत्रोच्चारण करवाया। उसके बाद गणेश जी की प्रतिमा टेबल पर स्थापित की गई। उसके बाद ही ऊषा प्रियदर्शी ने अपनी कुसी संभाली।समारोह में लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, आयोग की सदस्य सचिव मोनिका मलिक तथा मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने नव-नियुक्त अध्यक्षा, उपाध्यक्षा एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा