जींद : बारिश से खिले किसानों के चेहरे
जींद, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले में शनिवार को रूक-रूक कर बारिश होती रही। सावन माह की शुरूआत से ही अच्छी बारिश का लोग इंतजार कर रहे थे। लोगों का यह इंतजार शनिवार को खत्म हुआ। सुबह तेज बारिश के साथ ही दिनभर रूक-रूक कर बारिश होती रही। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 83 तथा हवा की गति छह किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। जिले में औसतन बारिश 26.9 एमएम दर्ज की गई। जबकि सबसे ज्यादा बारिश जुलाना में 118.3 एमएम दर्ज की गई।
बारिश का पानी कई स्थानों पर सड़कों पर जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी दुकानदारों और राहगीरों को हुई। तेज बरसात के चलते जुलाना के पुलिस थाने और नगरपालिका कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया। कार्यालय परिसर में जलभराव होने से कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को परेशानी हुई। जुलाना पुलिस थाने के आसपास भी पानी जमा होने से पुलिस कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कस्बे के मुख्य बाजार में कई स्थानों पर बरसाती पानी सड़कों पर जमा हो गया।
किसानों ने बताया कि बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है लेकिन जुलाना तथा जींद में हुई बारिश के चलते कुछ स्थानों पर जलभराव हो गया। बारिश ने काफी हद तक खेतों में पानी की पूर्ति को पूरा कर दिया है। किसानों का कहना था कि पानी की फसलों की सख्त जरूरत थी। धान फसल में पानी की पूर्ति के लिए उन्हें बड़े पापड़ बेलने पड़ रहे थे। फसल में दरार पडने लगी थी। शनिवार को हुई बारिश ने उन्हें काफी राहत दी है। बारिश से फसलों को अच्छा फायदा पहुंचेगा। ग्रोथ तथा फुटाव भी अच्छा मिलेगा। मौसम वैज्ञानिक डा. रोजश ने बताया कि मानसून एक्टिव है और इसी के चलते कही अच्छी तो कही मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। रविवार को भी बारिश की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

