हिसार में झमाझम बारिश से सुहावना हुआ मौसम, निचले इलाकों में जलभराव
शहर के मुख्य मार्गों पर भी देखा गया जलभराव, निकासी के दावे फेलहिसार, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर बाद हुई मध्यम दर्जे की बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाते हुए मौसम को सुहावना बना दिया। सुबह से बादलों की आवाजाही के बाद दोपहर में शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।हालांकि बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य सड़कों और प्रमुख मार्गों पर भी पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालकों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कत हुई।बारिश के बाद बाजारों और सड़कों पर कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों, विशेषकर धान, कपास और बाजरा के लिए लाभदायक बताया है। दूसरी ओर, शहरवासियों का कहना है कि हर बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आना नगर निगम और संबंधित विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है।ये रहेगा प्रदेश का मौसमहकृवि के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ़ की उत्तरी सीमा श्री गंगानगर, हिसार, गोरखपुर, पूर्णिया, मिजोरम तक बनी हुई है जो हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है। इससे हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में 11 जुलाई के बाद कमी आने की संभावना बन रही है। हरियाणा में 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में बीच बीच में हवाओं व गरजचमक के साथ कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है परंतु दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

