home page

यमुनानगर: गर्मी में जलस्रोतों से दूरी रखें: पुलिस ने अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील

 | 
यमुनानगर: गर्मी में जलस्रोतों से दूरी रखें: पुलिस ने अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील


यमुनानगर, 28 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिलेवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा परामर्श जारी करते हुए माता-पिता और अभिभावकों से बच्चों की दिनचर्या पर कड़ी निगरानी रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को नदी, नहर, तालाब अथवा स्विमिंग पूल जैसे स्थानों पर बिना देखरेख के जाने से रोका जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकाल में अक्सर बच्चे और युवा समूह बनाकर जलाशयों में स्नान के लिए चले जाते हैं। कई बार पानी का प्रवाह तेज होने और तैराकी का पर्याप्त ज्ञान न होने के कारण हादसे हो जाते हैं, जिनका असर परिवारों पर पड़ता है।

पुलिस प्रशासन ने यह भी संज्ञान लिया है कि कुछ लोग नहर किनारे बैठकर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं और इसके बाद पानी में उतरते हैं, जिससे डूबने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने परिजनों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान युवाओं के समूह बनाकर ऐसे स्थानों पर जाने की संभावना बढ़ जाती है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में आने वाले जलस्रोतों की निगरानी बढ़ाने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, नहर और नदी किनारे वाहन खड़ा कर नशा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार