home page

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बेहोश हुआ चौकीदार

 | 

पुलिस कर्मी ने सीपीआर देकर बचाई जान

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। पंचकूला में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी के प्रोग्राम में एक चौकीदार चक्कर खाकर गिर गया। सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देकर बचाया।

शुक्रवार को सीएम सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में आएंगे। प्रोग्राम में प्रदेशभर के चौकीदारों को बुलाया गया है।

पंचकूला के रायपुररानी निवासी ग्रामीण चौकीदार यासीन हरियाणा सरकार के ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। सुबह करीब 10 बजे ऑडिटोरियम पहुंचते ही उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

यासीन को गिरते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात हरियाणा पुलिस के सिपाही अनिल कुमार ने तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया। सिपाही अनिल कुमार की कोशिशों के बाद यासीन को हिचकी आई और उसने आंखें खोल दीं। इसके बाद उसके साथियों ने उन्हें संभाला। यासीन को तुरंत पंचकूला सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच कर रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा