सोनीपत में वक्फ बोर्ड के एस्टेट ऑफिसर और रेंट क्लर्क तीन लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार
सोनीपत, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने हरियाणा वक्फ बोर्ड कार्यालय में तीन
लाख रुपये की रिश्वत लेते एस्टेट ऑफिसर मोहम्मद सलीम, रेंट क्लर्क मोहम्मद ताहिर और
निजी चपरासी सलीम बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दुकानों के प्लॉट की लीज
से जुड़ी फाइलें आगे बढ़ाने और भुगतान की रसीद जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी गई
थी।
एसीबी
के अनुसार, गोहाना की किशन कॉलोनी निवासी सतीश ने इस संबंध में शिकायत दी थी। उसने
बताया कि पिछले वर्ष उसने अपने तीन सहयोगियों भरत सिंह, कमलेश और सुभाष के साथ गोहाना
में दुकानों के प्लॉट की लीज के लिए हरियाणा वक्फ बोर्ड में आवेदन किया था।
शिकायतकर्ता
के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया के दौरान एक लाख रुपये अग्रिम और दो लाख दो हजार रुपये
अन्य भुगतान के नाम पर लिए गए थे, लेकिन उन्हें भुगतान की रसीद नहीं दी गई। इसके बाद
फाइलों और रसीदों को लेकर परेशानी बनी रही।
सतीश
ने शिकायत में बताया कि करीब एक महीने पहले निजी चपरासी सलीम ने उसे जानकारी दी कि
उनकी फाइलों में संशोधन कर दिया गया है।
इसके बाद तीन लाख रुपये लेकर सोनीपत स्थित
वक्फ बोर्ड कार्यालय आने को कहा गया। जब शिकायतकर्ता ने पूछा कि इस रकम के बदले कितनी
राशि की रसीद जारी होगी, तो उसे स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उसे बताया गया कि फाइलें एस्टेट
ऑफिसर के कार्यालय की अलमारी में रखी हैं और रसीदें वही जारी करेंगे।
शिकायतकर्ता
ने रिश्वत मांगने के संबंध में कुछ ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी एसीबी को सौंपी थीं।
ब्यूरो ने शिकायत की जांच कर आरोपों की पुष्टि के बाद जाल बिछाया और तीनों आरोपियों
को वक्फ बोर्ड कार्यालय से रिश्वत लेते पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद तीनों को एसीबी
कार्यालय ले जाकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

