नूंह: पुलिस ने छह वाहन बरामद कर शातिर चोर को दबोचा
नूंह, 12 जुलाई (हि.स.)। नूंह पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी से जुड़े मामलों के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि 11 जुलाई 2026 को एवीटी स्टाफ नूंह ने रिजवान निवासी गांव अडबर, थाना सदर नूंह को एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। बरामद मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर पता चला कि यह वाहन गुरुग्राम जिले के थाना खेड़की दौला क्षेत्र से चोरी किया गया था, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
इस मामले में थाना रोजका मेव में एफआईआर दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अन्य चोरीशुदा मोटरसाइकिलों के बारे में भी खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच और चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लीं। इस तरह आरोपी के कब्जे से कुल छह चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं, जिनमें पांच हीरो स्प्लेंडर और एक यामाहा आर-15 शामिल है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से दो नूंह जिले, दो गुरुग्राम जिले तथा दो दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई थीं। बरामद सभी वाहनों का संबंध विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से पाया गया है। पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर संबंधित मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

