home page

सिरसा: पीलिया व लीवर संक्रमण की चपेट में आए देसूजोधा में ग्रामीणों ने लगाया धरना

 | 
सिरसा: पीलिया व लीवर संक्रमण की चपेट में आए देसूजोधा में ग्रामीणों ने लगाया धरना


सिरसा, 07 अगस्त (हि.स.)। दूषित पेयजल की आपूर्ति से पीलिया व लीवर संक्रमण की चपेट में आए जिले के गांव देसूजोधा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जलघर के बाहर धरना लगा दिया। ग्रामीणों ने विभाग व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने कहना है कि दर्जनों लोग पीलिया व लीवर संक्रमण की चपेट में हैं और स्वास्थ्य विभाग स्वच्छ पानी मुहैया करवाने में नाकाम साबित हो रहा है। गांव में आपूर्ति किए जा रहे पानी के पांच सैंपल फेल हो चुके हैं फिर भी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

दूषित पेयजल की सप्लाई को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव में पीलिया और लीवर संबंधी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सप्लाई किए जा रहे पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर कई बार संबंधित विभाग को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि दूषित पानी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है और पीलिया व लीवर संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। छोटे बच्चे और बुजुर्गों पर ज्यादा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के 60-65 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।

कई परिवार तो ऐसे हैं, जिनके तीन-चार सदस्य पीलिया की चपेट में हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, दूषित जलापूर्ति पर रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों की मांग है कि पेयजल लाइन डालने वाले ठेकेदार और जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि नई डाली गई पेयजल लाइन में गंदा नाले का पानी मिश्रित होकर घरों तक पहुंचा है, जिस कारण पूरा गांव ही बीमारी की चपेट में हैं।

उधर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में सर्वे कर मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं और प्रभावित लोगों का उपचार किया जा रहा है। गांव में में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma