home page

सिरसा: चोरी की बढ़ती घटनाओं पर भड़के ग्रामीण, एसपी से की मुलाकात

 | 
सिरसा: चोरी की बढ़ती घटनाओं पर भड़के ग्रामीण, एसपी से की मुलाकात


सिरसा, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के डबवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर सोमवार को विभिन्न गांवों के ग्रामीण और किसान संगठन डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर से मिले और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ एफआईआर दर्ज करने तक सीमित रह गई है, जबकि चोर आए दिन घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

इस दौरान किसान संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को चोरी की घटनाओं में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर रोष व्यक्त करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक डबवाली को बताया कि गांव मांगेआना निवासी सतनाम सिंह तथा उनके चाचा भोला सिंह के घर हुई चोरी की वारदात पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की, लेकिन अभी तक इस मामले में पुलिस के हाथ खाली है।

ग्रामीणों के मुताबिक चोर घर की खिडक़ी तोडक़र लगभग करीब 12 तोले सोने के जेवरात व हजारों रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर ले गए। दूसरी घटना में गांव मिठड़ी में कश्मीर सिंह के घर से लाखों रुपये के आभूषण व नगदी चुरा ले गए। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस विभाग जल्द से जल्द इन वारदातों में शामिल चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजे। पीडि़तों का चोरी हुआ सोने-चांदी का सारा सामान व नकदी बरामद करवाकर उन्हें वापस दिलवाई जाए। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। ज्ञापन में ये भी कहा गया है कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द से जल्द चोरों को पकडक़र मामले का समाधान नहीं किया, तो किसान जत्थेबंदियां और ग्रामीण मिलकर एक बड़ा जनआंदोलन शुरू करने पर मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma