home page

यमुनानगर:ग्रामीण चौपाल में प्रशासन का संवाद, मौके पर ही सुलझीं जनसमस्याएं

 | 
यमुनानगर:ग्रामीण चौपाल में प्रशासन का संवाद, मौके पर ही सुलझीं जनसमस्याएं


यमुनानगर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र में सीधे संवाद की पहल करते हुए सरस्वतीनगर खंड के रपौली स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जनता दरबार एवं रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया। उपायुक्त प्रीति और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया।

कार्यक्रम के दौरान परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों, आवास योजनाओं का लाभ, बिजली कनेक्शन, नालियों और गलियों के निर्माण, राशन कार्ड, पेंशन तथा बिजली बिल से जुड़े मामलों सहित बड़ी संख्या में शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखी गईं। कई पात्र लाभार्थियों की विधवा, बुढ़ापा और अविवाहित पेंशन तत्काल स्वीकृत की गई, जबकि लंबित मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांव स्तर पर पहुंचकर लोगों को राहत देना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ें। उनके अनुसार शिक्षा ही सामाजिक कुरीतियों और कम उम्र में विवाह जैसी समस्याओं से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की। उपस्थित लोगों को नशामुक्ति और यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज की भागीदारी से ही अपराध और नशे जैसी चुनौतियों पर नियंत्रण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की पहचान कर प्रशासन को सूचना दें ताकि उपचार और परामर्श के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा में लाया जा सके।उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों, डिजिटल व्यवहार और संगति पर नजर रखने की सलाह देते हुए कहा कि समय रहते मार्गदर्शन ही उनके भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार