home page

विधानसभा में साेमवार से शुरू हाेगी बजट सत्र की कार्यवाही

 | 

-बजट समितियां पेश करेंगी बजट पर रिपोर्ट

चंडीगढ़, 15 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही साेमवार काे फिर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर वित्त मंत्री दो मार्च को सदन में बजट पेश किया था। स्पीकर हरविंद्र कल्याण की तरफ से विधानसभा में विभाग के अनुसार आठ स्टैंडिंग कमेटियों का गठन किया था। नौ मार्च को सदन की कार्यवाही के अंतिम दिन इन कमेटियों को बजट पर मंथन करने, सुझाव देने तथा संशोधन की सिफारिशों के अधिकार दिए गए थे। पिछले पांच दिन से सभी कमेटियों द्वारा बजट पर अपने अपने विभाग की मदों के अनुसार मंथन किया गया है। कमेटियों की तरफ से सोमवार को सदन में अपनी रिपोर्ट रखी जाएगी।

विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। प्रश्नकाल के दौरान माननीयों की ओर से नायब सरकार पर तीखे सवाल भी दागे जाएंगे, जिससे माहौल गरमाने के आसार हैं। प्रश्नकाल के दौरान विधायकों द्वारा सरकार को खेल सुविधा और स्टेडियमों की खस्ताहाल पर घेरा जाएगा। इसके साथ ही, शहरों में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए बाईपास और टूटी सडक़ों के मुद्दे पर माहौल गरमाने के आसार हैं। यही नहीं, एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के बीच सरकार की ओर से कैरोसीन तेल की सप्लाई करने का फैसला गया है, ऐसे में डिपो संचालकों की कमीशन बढ़ाने का मुद्दा भी सदन में उठेगा।

प्रश्नकाल की शुरुआत सफीदों विधायक रामकुमार गौतम के सवाल के साथ होगी, जिन्होंने पीडब्ल्यूडी मंत्री से शहर में बाईपास बनाने पर जवाब मांगा। वहीं, महम विधायक बलराम दांगी, रोहतक विधायक भारतभूषण बत्रा, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला की ओर से खेल स्टेडियमों और सुविधाओं की बदहाली के मुद्दे पर सरकार घेरेंगे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण होने के आसार हैं।

महम विधायक बलराम दांगी ने खेल राज्यमंत्री से जवाब मांगा है कि महम विधानसभा के गांव मोखरा में साक्षी मलिक स्टेडियम में आवश्यक आधुनिक खेल अवसंरचना, उचित रखरखाव तथा स्त्रोतों का अभाव है, जिसके कारण स्थानीय एथलीटों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, स्टेडियम के सौंदर्यीकरण तथा आधुनिकीकरण करने के लिए सरकार की क्या योजना है। रोहतक विधायक ने पूछा है कि सरकार द्वारा पंडित लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय रोहतक तथा राजीव गांधी स्टेडियमों के सामने सड़क पर मेहराब आकार के स्तंभ के निर्माण सहित के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार द्वारा कोई बजट का प्रावधान किया गया था। सोनीपत विधायक निखिल मदान ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री से राशन डिपो धारकों की कमीशन बढ़ाने बारे जवाब मांगा।

सडक़ों के मुद्दे पर माननीय नायब सरकार को घेरेंगे। हथीन विधायक मोहम्मद इसराईल ने दिल्ली-मथुरा सडक़ को पलवल शुगर मिल से जोडऩे बारे जवाब मांगा है। वहीं, गुहला विधायक देवेंद्र हंस बाईपास निर्माण का मुद्दा उठाएंगे। समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना ने आट्टा बाईपास का निर्माण कब तक पूरा होने और यूपी के छपरौली से समालखा तक यमुना नदी पर बनाए जा रहे पुल पर यातायात कब तक पूरा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा