कैथल: सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता : कृष्ण कुमार बेदी
कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, सम्मान, सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शुक्रवार को महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र कैथल में भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाज के प्रतिनिधियों ने फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की 18 में से 17 मांगें तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की सभी 14 मांगें सरकार द्वारा स्वीकार की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी लोगों को 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि समारोह में हरियाणा के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे, सड़कों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

