home page

हिसार : गेस्ट टीचरों का मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर हल्लाबोल

 | 
हिसार : गेस्ट टीचरों का मंत्री रणबीर गंगवा के आवास पर हल्लाबोल


2006 का सरकारी पत्र दिखाकर पूछा- आरक्षण लागू

करने के निर्देश थे तो सदन में इससे इनकार क्यों किया?

हिसार, 27 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा में अतिथि

अध्यापकों की भर्ती में आरक्षण लागू नहीं होने संबंधी मंत्री रणबीर गंगवा के बयान पर

गेस्ट टीचरों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को अतिथि अध्यापकों ने हिसार में मंत्री

के आवास के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की और बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट करने

की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने 20 जनवरी 2006 को शिक्षा विभाग की ओर से जारी सरकारी

पत्र दिखाते हुए सवाल उठाया कि जब विभाग ने नियुक्तियों में आरक्षण नीति के पालन के

निर्देश दिए थे तो विधानसभा में आरक्षण लागू नहीं होने की बात किस आधार पर कही गई?

गेस्ट टीचर्स के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान

ने कहा कि विधानसभा में जनता के सामने सही तथ्य और सरकारी रिकॉर्ड रखे जाने चाहिए,

लेकिन मंत्री का बयान उपलब्ध दस्तावेजों से मेल नहीं खाता। उन्होंने सवाल किया कि यदि

2006 का सरकारी पत्र वास्तविक है और उसमें आरक्षण नीति के पालन के निर्देश हैं तो सदन

में इससे इनकार क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार को गुमराह कर

रहे हैं, जिससे हजारों अतिथि अध्यापकों के भविष्य पर संकट बना हुआ है।

जिला प्रधान दयाकिशन गुंदली ने सरकारी पत्र दिखाते

हुए कहा कि अतिथि अध्यापकों की नियुक्ति में आरक्षण नीति के पालन को लेकर विभाग ने

स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अनुसूचित जाति वर्ग से हैं

और बीएड, प्रभाकर, ओटी, एचटेट तथा नेट जैसी योग्यताएं रखते हैं। उनके अनुसार, अतिथि

अध्यापकों ने तीन वर्षीय नियुक्ति नीति की शर्तें पूरी की थीं, जिनमें स्वीकृत पद,

नियुक्ति के समय पद रिक्त होना और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता शामिल थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर