यमुनानगर:रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव
यमुनानगर, 05 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस ने बीती देर शाम रेलवे स्टेशन के निकट एक युवक का शव बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जीआरपी को स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक के समीप एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां अप लाइन के बाहर युवक का शव बरामद हुआ। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। उसने सफेद रंग की टी-शर्ट, काले रंग की लोअर और पैरों में चप्पल पहन रखी थी। उसके चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे तक सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा है। आसपास के जिलों और संबंधित थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

