खेलो मेवात : 12 से 17 अक्टूबर तक आठ खंडों में होंगी खेल प्रतियोगिताएं
नूंह, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और विद्यार्थियों व युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेलो मेवात 2.0 के तहत 12 से 17 अक्टूबर तक खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं नूंह, तावड़ू, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, इंद्री, नगीना, पिनगवां और हथीन सहित आठ खंडों में आयोजित होंगी। इसके लिए विभिन्न खेलों के अनुसार खेल मैदान निर्धारित किए गए हैं।
एसीयूटी अमितेज पांगती ने कहा कि खेलो मेवात 2.0 युवाओं में खेल भावना विकसित करने, शारीरिक दक्षता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित विद्यालयों, खेल प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षा अध्यापकों और खिलाड़ियों से प्रतियोगिताओं की तैयारियां समय रहते पूरी करने तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले करवाए जाएंगे। सभी खंडों में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अलग-अलग खेल मैदान निर्धारित किए गए हैं।
एसीयूटी अमितेज पांगती ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे युवा खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा भी मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों को आपसी समन्वय के साथ प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने खेल और निर्धारित मैदान की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें तथा संबंधित अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिताओं में भाग लें।
खंडवार निर्धारित किए गए खेल मैदान
नूंह खंड: क्रिकेट के मुकाबले एसपी नंगली स्टेडियम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-1 और प्रयास इंटरनेशनल स्कूल में होंगे। फुटबॉल के लिए मरियम मंजिल स्कूल, कबड्डी के लिए डीएवी स्कूल, खो-खो के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय रेहना, एथलेटिक्स के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तावड़ू और टपकन का मैदान, वॉलीबॉल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-1 तथा बैडमिंटन के लिए बैडमिंटन हॉल नूंह निर्धारित किया गया है।
तावड़ू खंड: क्रिकेट के मुकाबले झमूवास स्टेडियम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जौरासी और हसनपुर में होंगे। फुटबॉल के लिए कोटा खंडेवाला स्टेडियम, कबड्डी के लिए झमूवास स्टेडियम, खो-खो के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तावड़ू-1, एथलेटिक्स के लिए तावड़ू-2 तथा वॉलीबॉल और बैडमिंटन के लिए तावड़ू-1 का मैदान निर्धारित किया गया है।
फिरोजपुर झिरका खंड: क्रिकेट के मुकाबले शमसुद्दीन पार्क, शमसुद्दीन स्टेडियम और अरावली पब्लिक स्कूल में होंगे। फुटबॉल व बैडमिंटन के लिए अरावली स्कूल, कबड्डी व एथलेटिक्स के लिए कमेड़ा स्टेडियम तथा खो-खो व वॉलीबॉल के लिए आरोही विद्यालय हसनपुर बिलोंडा निर्धारित किया गया है।
पुन्हाना खंड: क्रिकेट के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुन्हाना में होंगे। फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले सिरोली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
इंद्री खंड: क्रिकेट प्रतियोगिताएं व्यायामशाला इंद्री के क्रिकेट मैदान और किरंज पंचायत के क्रिकेट मैदान में होंगी। फुटबॉल, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छपड़ा तथा कबड्डी व खो-खो के लिए संगम स्कूल इंद्री का मैदान निर्धारित किया गया है।
नगीना खंड: क्रिकेट के मुकाबले नगीना स्टेडियम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगीना-2 और राजकीय महाविद्यालय नगीना में होंगे। फुटबॉल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अकेड़ा, कबड्डी व एथलेटिक्स के लिए नगीना स्टेडियम, खो-खो व वॉलीबॉल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगीना-1 तथा बैडमिंटन के लिए नगीना-2 का मैदान निर्धारित किया गया है।
पिनगवां खंड: क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन सहित सभी खेल प्रतियोगिताएं पिनगवां स्टेडियम में आयोजित होंगी।
हथीन खंड: क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन के सभी मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुराका के मैदान में करवाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

