हरियाणा : यूजी दाखिलों के लिए पोर्टल ओपन, घर बैठे करें आवेदन
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है। 17 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत छात्र अब घर बैठे बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए आदि कोर्सों में आवेदन कर सकेंगे।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी और गैर-सरकारी डिग्री कॉलेजों में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए सहित विभिन्न स्नातक कोर्सों के लिए आवेदन अब पूरी तरह ऑनलाइन किए जा सकेंगे। इस डिजिटल पहल के माध्यम से छात्र-छात्राएं घर बैठे ही आसानी से आवेदन कर सकेंगे, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम भी बनेगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य हर योग्य विद्यार्थी तक उच्च शिक्षा के अवसर पहुंचाना है।
इसी सोच के तहत एडमिशन प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें बार-बार कॉलेजों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह नई व्यवस्था न केवल छात्रों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि इससे दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना कम होगी।
सरकार ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय अवधि के भीतर पोर्टल पर आवेदन करना सुनिश्चित करें। यदि किसी विद्यार्थी को आवेदन प्रक्रिया के दौरान कोई समस्या आती है, तो उसके समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2133 जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

