home page

शहीद उधम सिंह का बलिदान स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमर:श्याम सिंह राणा

 | 

-शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए एकजुट होकर करें काम:नवीन जिंदल

चंडीगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में जिला यमुनानगर के रादौर में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा तथा कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शहीदी दिवस कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, आत्मसम्मान और राष्ट्रप्रेम की अमर गाथा है। बचपन में ही माता-पिता का साया उठ जाने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों के सामने कभी हार नहीं मानी। इसलिए उनका जीवन हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियाँ किसी महान व्यक्तित्व के निर्माण में बाधा नहीं, बल्कि प्रेरणा बन सकती हैं।

इस अवसर पर नवीन जिंदल देश के महान क्रांतिकारी एवं शहीद ऊधम सिंह को नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश को स्वतंत्र करवाने में अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज जब हम आजाद भारत में साँस ले रहे हैं, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह आजादी हमें ऊधम सिंह, शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरु, शहीद सुखदेव, शहीद चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक क्रांतिकारियों के त्याग और बलिदान से मिली है।

नवीन जिंदल कहा कि शहीद ऊधम सिंह के जन्म स्थल पर देश की आन-बान-शान का प्रतीक 108 फुट का तिरंगा लगाया जाएगा। शहीद ऊधम सिंह के जन्म स्थल पर तिरंगा हमारे शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कांबोज धर्मशाला को सामाजिक एवं विकास कार्यों के लिये 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा