हिसार में कार की टक्कर से दो युवकों की मौत
खेत में सिंचाई के बाद वापिस लौट रहे थे युवक,
कार ने मारी टक्कर
हिसार, 06 मई (हि.स.)। जिले के गांव जाखोद खेड़ा
में सीसवाल रोड पर हुए हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसेे के शिकार दोनों युवक
22 वर्षीय पुनीत व 25 वर्षीय पवन खेत में सिंचाई करके पैदल अपने घर की तरफ आ रहे थे
कि एक बेकाबू कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि जाखोद खेड़ा निवासी पुनीत
व पवन मंगलवार रात को खेत में सिंचाई करके घर के लिए चले थे। कुछ ही दूर चले थे कि
पीछे से आई एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि
दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ गए। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी सहित मौके से फरार
हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम
के लिए भेज दिया।
पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी
की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ग्रामीणों ने
बताया कि सीसवाल रोड पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का खतरा बना रहता है, लेकिन प्रशासन
इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक को जल्द
ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों
का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब कार चालक की तलाश में लगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

