सोनीपत में करंट से बिजली कर्मी व किसान की मौत
सोनीपत, 28 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में गोहाना उपमंडल के गांव मुंडलाना में रक्षाबंधन के दिन ट्रांसफार्मर पर काम करते
समय करंट लगने से बिजली निगम के प्रशिक्षु कर्मचारी समेत दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों
की पहचान सिवानका निवासी प्रशिक्षु सौरभ और मुंडलाना निवासी किसान जोगिंद्र के रूप
में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बिजली ठीक करने के दौरान समय से पहले बिजली आपूर्ति
चालू होने से हादसा हुआ। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौरभ
के परिजनों का आरोप है कि रक्षाबंधन के दिन सहायक लाइनमैन मोहित ने फोन पर उसे मुंडलाना
में बिजली ठीक करने के लिए भेजा था। सौरभ बिना सुरक्षा उपकरणों के ट्रांसफार्मर पर
चढ़कर काम कर रहा था। काम अकेले नहीं हो पाने पर उसने खेत में काम कर रहे जोगिंद्र
को मदद के लिए बुला लिया। दोनों ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे, तभी करंट की चपेट में
आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों
के अनुसार, बिजली आपूर्ति चालू करने का निर्धारित समय शुक्रवार की सुबह 11 बजे था,
लेकिन आरोप है कि इससे पहले ही पीछे से बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। हादसे के बाद
ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि संबंधित
लाइनमैन ने फोन उठाना बंद कर दिया और कई घंटे तक विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी
मौके पर नहीं पहुंचा। हादसे
की सूचना मिलने पर कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू और पूर्व विधायक जगबीर सिंह मलिक
मुंडलाना पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। दोनों ने हादसे के लिए बिजली
निगम की लापरवाही को जिम्मेदार बताया।
गोहाना
पुलिस ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। जोगिंद्र के परिजनों
की शिकायत पर गोहाना सदर थाना पुलिस ने लाइनमैन मोहित, संबंधित कनिष्ठ अभियंता, उपमंडल
अधिकारी और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना
है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे
की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

