home page

हिसार: कार ने सर्विस सेंटर में दो वर्करों को कुचला, एक की मौत

 | 
हिसार: कार ने सर्विस सेंटर में दो वर्करों को कुचला, एक की मौत


सातरोड़ के पास यूनिक ऑटो वर्कशॉप में हुआ हादसा

हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। यहां के दिल्ली रोड पर गांव सातरोड़ के पास यूनिक

ऑटो वर्कशॉप में कार बैक करते समय हुए हादसे में दो वर्कर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अनीपुरा निवासी

विवेक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे घायल वर्कर राजपाल का उपचार जारी है और उसकी

हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब

तक दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। घायल कर्मचारियों की पहचान हांसी

के अनीपुरा निवासी विवेक और धान्सू गांव निवासी राजपाल के रूप में हुई है। वर्कशॉप

प्रबंधन ने घटना के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच

कर रही है।

जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल वैगन आर कार हिसार निवासी एडवोकेट डॉ. आशीष

ढींगड़ा के नाम पर पंजीकृत है। वह रूटीन सर्विस के लिए अपनी कार लेकर यूनिक ऑटो वर्कशॉप

पहुंचे थे। डॉ. आशीष ढींगड़ा ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अपनी तीन

वर्षीय बेटी के साथ वर्कशॉप पहुंचे थे। उन्होंने वेटिंग रूम से देखा कि एक कर्मचारी

उनकी कार को तेजी से बैक कर रहा था। उन्हें लगा कि शायद कर्मचारी कार के ब्रेक चेक

कर रहा है। इसी दौरान जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर देखने पर पता चला कि कार किसी दीवार

से टकरा गई है।

डॉ. ढींगड़ा के अनुसार उन्होंने वर्कशॉप के अंदर जाकर देखने का प्रयास किया,

लेकिन उन्हें रोक दिया गया। बाद में पता चला कि उनकी कार की चपेट में आने से दो वर्कर

घायल हुए हैं। उन्होंने वर्कशॉप मालिक से घटना के बारे में पूछा तो उसने कहा कि जो

हुआ है, वह सीसीटीवी में सामने आ जाएगा और पुलिस अपना काम करेगी। इसके बाद उन्होंने

पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना दी।

डॉ. ढींगड़ा ने बताया कि उनके पास कार की सर्विस के दौरान का जॉब कार्ड भी

है। घायल दोनों वर्कर नीले रंग की वर्दी में थे। उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर अपने

बयान भी दर्ज करवा दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे

की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर