हिसार में सेना के युद्ध अभ्यास के दौरान हादसा, टैंक की चपेट में आने से दो जवान शहीद
32 टैंकों की चल रही थी मूवमेंट, धूल के गुबार में चालक को नहीं दिखे मोर्चे पर तैनात जवान; दोनों ने अस्पताल में तोड़ा दम
हिसार, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव भोजराज के पास भारतीय सेना के युद्ध
अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो जवानों की जान चली गई। अभ्यास के दौरान एक
साथ 32 टैंकों की मूवमेंट चल रही थी। भारी टैंकों के गुजरने से इलाके में धूल का घना
गुबार छा गया। इसी दौरान एक टैंक के चालक को आगे मोर्चे पर तैनात दो जवान दिखाई नहीं
दिए और टैंक दोनों के ऊपर से गुजर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल उत्तर प्रदेश के
शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार को तत्काल हिसार के
मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
हादसे के बाद सैन्य अधिकारियों और मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत राहत एवं
बचाव कार्य शुरू किया। दोनों जवानों को अस्पताल पहुंचाने में देरी नहीं की गई, लेकिन
चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही सेना के
वरिष्ठ अधिकारी भी मौके और अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद
दोनों जवानों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।
शहीद नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले थे। उनके पिता रामवीर
सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनीष परिवार के इकलौते बेटे थे और उनकी तीन बहनें हैं। उनके
मिलनसार स्वभाव के कारण गांव में भी उनकी अच्छी पहचान थी। छुट्टी पर गांव भाज्जु आने
के दौरान वह ग्रामीणों से जरूर मिलते थे। बेटे की शहादत की खबर से परिवार पर दुखों
का पहाड़ टूट पड़ा।
दूसरे शहीद नायक अंकुश कुमार उत्तर प्रदेश के बदायूं के निवासी थे। उनके ताऊ
के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे अंकुश ने फोन पर अपने बच्चों
से बात की थी। वह रविवार को घर आने वाले थे। परिवार उनकी राह देख रहा था, लेकिन घर
पहुंचने से पहले ही उनकी शहादत की खबर आ गई। परिवार में पत्नी पूजा, सात वर्षीय बेटा
हर्ष और 11 वर्षीय बेटी नंदिनी हैं। उनका छोटा भाई विनीत नौकरी करता है। अंकुश के घर
लौटने की उम्मीद लगाए बैठे बच्चों और परिजनों के लिए यह खबर गहरा सदमा बनकर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

