नूंह में 2.125 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नूंह, 21 सितंबर (हि.स.)। नूंह पुलिस की अपराध जांच शाखा एवं एंटी नारकोटिक्स सेल तावडू ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी हेरोइन को क्रेटा कार में 40 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज निवासी नानुका, जिला नूंह और सलीम निवासी खेड़ी, जिला खैरथल, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन ने प्रेसवार्ता में बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत तावडू सीआईए प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो सक्रिय नशा तस्कर काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर तावडू सीआईए की टीम ने रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार वहां पहुंची और पुलिस को देखकर तेज गति से भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस के अनुसार, इस दौरान कार ने पुलिस की सरकारी गाड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक सीट के पीछे छिपाकर रखे 40 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर इनमें हेरोइन पाई गई, जिसका कुल वजन 2 किलो 125 ग्राम निकला। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सील कर दिया और क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर तावडू में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 दिनों में तावडू सीआईए की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क तथा मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा आरोपियों की संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

