सोनीपत: गन्नौर क्षेत्र में दो सड़क हादसों में दो की मौत, मजदूर घायल
सोनीपत, 10 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले हादसे में ड्यूटी पर जा रहे बाइक
सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सात दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने
के बाद उसने दम तोड़ दिया। दूसरे हादसे में सड़क पर बिना संकेतक खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली
से विक्की टकराने पर 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, कार की टक्कर से साइकिल
सवार मजदूर घायल हो गया। संबंधित थानों की पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अज्ञात वाहन
चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पुरखास निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका
बड़ा भाई 47 वर्षीय प्रवीन कुमार 31 अक्टूबर को बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। शाम करीब
आठ बजे गन्नौर-बादशाही रोड पर पीर के नजदीक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार
दी। हादसे में प्रवीन के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे पहले गन्नौर सीएचसी और बाद में
अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। सात दिन तक उपचार चलने के बाद उसकी मौत हो
गई। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
दूसरे हादसे में खेड़ी रोड, गांधी नगर निवासी सूरज कुमार ने
बताया कि उसके 63 वर्षीय पिता आठ नवंबर को टीवीएस विक्की लेकर कैलाना गए थे। शाम करीब
छह बजे लौटते समय खुबडू रोड पर हरिओम ईंट भट्ठे के सामने सड़क पर बिना संकेतक खड़ी
लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी विक्की टकरा गई। हादसे में उनके पिता
की छाती, हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया
गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ
मामला दर्ज किया है।
तीसरे हादसे में बिहार के भोजपुर जिले के गांव बारा बसंतपुर
निवासी रामायण बिन घायल हो गया। वह मलिकपुर में किराये पर रहता है और रामनगर की एक
कंपनी में काम करता है। उसने बताया कि आठ सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह साइकिल से
रामनगर से अपने कमरे पर जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उसकी साइकिल को टक्कर
मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़ी थाना पुलिस ने उसकी शिकायत पर कार
चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

