home page

नूंह पुलिस नेे पशु तस्करों के चंगुल से नौ ऊंट व 13 गोवंश कराए मुक्त

 | 
नूंह पुलिस नेे पशु तस्करों के चंगुल से नौ ऊंट व 13 गोवंश कराए मुक्त


नूंह, 23 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में नौ ऊंट और 13 गोवंश को मुक्त कराया है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पहले मामले में सीआईए स्टाफ फिरोजपुर झिरका की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए घाटा-शमशाबाद टोल टैक्स क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग ऊंटों को क्रूरतापूर्वक बांधकर एक आयशर कैंटर में भरकर फरीदाबाद की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव हिरवाड़ी-बाबनठेड़ी के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध आयशर कैंटर दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत दिए जाने पर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर कैंटर चालक ने वाहन रोक दिया। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों में से दो अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अन्सार निवासी नावली, थाना सदर फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें नौ ऊंट बरामद हुए, जिनके मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। पुलिस ने वाहन सहित सभी ऊंटों को कब्जे में लेकर पशु क्रूरता अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरे मामले में पुलिस कंट्रोल रूम को एक ट्रक चालक अमित करुर निवासी आंध्र प्रदेश द्वारा सूचना दी गई कि उसे कुछ लोगों ने दूध देने वाली गायों के परिवहन के नाम पर झांसा देकर गोवंश को अवैध उद्देश्य के लिए निर्धारित स्थान पर पहुंचाने के लिए कहा है। चालक को संदेह होने पर उसने स्वयं पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस गांव साकरस से आगे महूं चौपड़ा रोड पर पहुंची जहां ट्रक की जांच करने पर 13 गायें मिलीं।चालक ने बताया कि उसे विभिन्न मोबाइल नंबरों से संपर्क कर अमृतसर से इंदौर तक गोवंश ले जाने का परिवहन कार्य दिया गया था और रास्ते में उसे लगातार लोकेशन भेजी जा रही थी। निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले उसे संदेह हुआ कि गोवंश को गोकशी के उद्देश्य से मंगवाया गया है, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने ट्रक और 13 गायों को कब्जे में लेकर हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया